आवड़ माता का इतिहास: तेमड़ा राय, तनोट, भादरिया, घंटियाल मंदिर 2026
आवड़ माता (तनोट माता) का पूरा इतिहास, 52 हूंण राक्षसों की कथा, तेमड़ा राय, भादरिया राय, घंटियाल, देगराय, लटियाल, स्वांगिया माता मंदिर की सम्पूर्ण जानकारी।
📋 विषय सूची (Table of Contents)
- 👉 1. आवड़ माता कौन हैं? — परिचय व जन्म
- 👉 2. आवड़ माता का इतिहास व हूंण राक्षसों का वध
- 👉 3. तेमड़ा राय माता मंदिर, जैसलमेर
- 👉 4. तनोट राय माता मंदिर — भारत-पाक युद्ध का चमत्कार
- 👉 5. स्वांगिया माता मंदिर
- 👉 6. भादरिया राय मंदिर
- 👉 7. घंटियाल राय माता मंदिर
- 👉 8. देगराय माता मंदिर
- 👉 9. लटियाल माता मंदिर, फलौदी
- 👉 10. आवड़ माता के अन्य नाम व रूप
- 👉 11. अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)
1. आवड़ माता कौन हैं? — परिचय व जन्म
आवड़ माता (Awar Mata) चारण समाज में हिंगळाज माता के पूर्ण अवतार के रूप में विख्यात हैं। ये न केवल चारणों की, अपितु भाटी क्षत्रियों, राजपूतों और जैसलमेर राजघराने की कुलदेवी मानी जाती हैं। भारतवर्ष की सनातन परंपरा में कुलदेवी का विशेष महत्व है, और आवड़ माता इस परंपरा की सबसे शक्तिशाली रक्षक देवियों में से एक हैं।
बाड़मेर जिले की धोरी मन्ना तहसील से छः कोस दूर साहुवा शाखा के चारण चाळक ने अपने नाम से एक ग्राम आबाद किया जो चाळकनूं कहलाता है। इसी चाळकनूं ग्राम में म्हादा के पुत्र मामड़ के घर महडू शाखा की चारण मोह वृत्ति की कुक्षि से आवड़ देवी का जन्म संवत् 888 वि. की चैत्र सुदी नवमी शनिवार को हुआ था।
💡 जानें: कुलदेवी क्या होती है और क्यों जरूरी है? — अपनी कुलदेवी को कैसे खोजें, इसकी सम्पूर्ण जानकारी।
चाळकनूं ग्राम के पास जूंनी जाळ के नाम से विख्यात सात जाळों वाले स्थान पर आवड़ देवी के जन्म की लोक प्रचलित मान्यता है। इसीलिए इस देवी का चाळकनेची चाळकराय नाम विख्यात हुआ। कुछ लोग इनका जन्म ननिहाल माढवा में भी मानते हैं जो पहले महड़ू चारणों का स्वयं शासन (जागीर) था। कुछ लोग इनका जन्म-स्थान झोकरवाड़ा नामक स्थान भी मानते हैं।
चाळकनूं ग्राम में आवड़ देवी का कलात्मक खम्भों वाला खण्डहर मन्दिर आज भी मौजूद है। वहाँ सिंह पर सवार चतुर्भुजी मूर्ति है। एक हाथ में तलवार, एक से आशीर्वाद, एक में चक्र व एक में खप्पर लिए हुए है।
2. आवड़ माता का इतिहास व हूंण राक्षसों का वध
आठवीं शताब्दी में हूंण आक्रमणकारियों से सारा क्षेत्र आतंकित था। हूंण बड़े निर्दयी थे। ये मनुष्यों के सिर काट-काटकर झूले लगा देते थे, गाँवों को जला देते थे और पशुओं को खा जाते थे। आज भी हमारे यहाँ कहावतें चलती हैं कि "क्यूं थारी हूंण बोलै है, थारी हूंण आयगी"। राक्षसी कृत्य करने के कारण ये हूंण देत्य कहलाने लगे।
आवड़ देवी ने इन्होंने बावन हूंण राक्षसों को मारा, जिनमें से तेमड़ा, घण्टिया आदि कुख्यात हूंण राक्षस थे। इसीलिए बावन ही इनके पवाड़े, बावन ही नाम, बावन ही मन्दिर तथा बावन ही ओरण हैं।
जैसलमेर राजघराने की तो ये कुलदेवी हैं। ये सात बहिनें थीं। सातों ही शक्ति का अवतार मानी जाती हैं। इसीलिए एक ही शिला पर सातों बहिनों की मूर्तियाँ उत्कीर्ण की हुई मिलती हैं। काष्ठ फलक पर भी सातों बहिनों की आकृतियाँ अंकित मिलती हैं। अलग-अलग स्थानों में अलग-अलग बहिनों की पूजा होती है। इनकी पूजा हिन्दू-मुसलमान समान रूप से करते हैं।
आवड़ देवी ने सिंध के ऊमर सुमरा के राज्य का नाश किया जिसके बारे में यह मान्यता है कि इनके रूप पर मोहित होकर उसने विवाह का प्रस्ताव रखा था, जिसे अस्वीकार कर वहाँ से पलायन कर जैसलमेर के पास गिरळाओं नामक पर्वत पर तेमडा नामक हूंण राक्षस को नष्ट कर वहीं निवास किया और तेमड़ा राय के नाम से प्रसिद्धी पाई।
3. तेमड़ा राय माता मंदिर, जैसलमेर — दूसरा हिंगळाज शक्तिपीठ
तेमड़ा राय का मन्दिर जैसलमेर से 21 किलोमीटर (सात कोस) दक्षिण में गिरळाओं नामक पहाड़ पर स्थित है। जैसलमेर से पक्की सड़क बनी हुई है। यह स्थान हिंगळाज के बाद सबसे बड़ा शक्तिपीठ माना जाता है। यह स्थान दूसरे हिंगळाज के नाम से भी पुकारा जाता है।
तेमड़ा पर्वत पर एक बड़ी गुफा है। इसी में आवड़ देवी का स्थान है। यह गुफा भीतर से बहुत बड़ी है जिसको आवड़ देवी ने स्वयं एक शिला द्वारा बन्द कर दिया। यह शिला तारंग शिला के नाम से प्रसिद्ध है। श्रद्धालु जन आज भी इस शिला के दर्शन करते हैं। ऐसी किंवदन्ती है कि यह गुफा पश्चिम में हिंगळाज देवी की गुफा से जुड़ी हुई है जिन पर सात देवियों की आकृतियाँ उत्कीर्ण हैं।
मुख्य मन्दिर गुफा के सामने एक बुर्जाकार भवन पर बनाया गया है। बीकानेर के महाराजा रायसिंह ने तेमड़ा राय की यात्रा की स्मृति में इस बुर्ज का निर्माण कराया था। कालान्तर में इस बुर्ज का विस्तार व अन्य निर्माण कार्य भी होते रहे। जो देवी के भुरज बंगले के रूप में ही विख्यात है।
पहाड़ की तलहटी में ছোটा-सा तालाब है जिसे कुण्ड कहा जाता है। इसी में स्नान कर यात्री ऊपर देवी के दर्शनार्थ जाता है। ऊपर भी एक कुण्ड बना हुआ है। कुछ भवन भी बने हुए हैं।
मुख्य मन्दिर में सिंहवाहिनी अष्टभुजा वाली देवी की प्रतिमा है। गुफा में ही देवी का पालना भी है। एक पीतल की घण्टिका वि. सं. 1885 की महारावल श्री गजसिंह जी जैसलमेर द्वारा चढ़ाई हुई है।
📜 तेमड़ा राय मंदिर के प्रमुख शिलालेख
- तेमडा राय के भुरज बंगले का शिलालेख महारावल जुंहारसिंह जैसलमेर के समय का है।
- महारावल मूलराज जैसलमेर का भी एक शिलालेख है: "श्री आदि देव्यै नमः। श्री आवड़ादि सप्त देव्यै नमः। श्री डूंगरेचियां रे थांन पर साळ कराई महाराजाधिराज महारावल श्री मूलराज मिती वैसाख बदी 4 संवत 1634 में महारावल अमरसिंह जी जैसलमेर ने तेमड़ा राय के पहाड़ की पाज बंधाई तथा बुर्ज का जीर्णोद्धार करवाया।"
- महारावल जसवन्तसिंह जी जैसलमेर ने ऊपर वाली बुर्ज का निर्माण 1760 में करवाया जिसका शिलालेख बाहर वाली साल के खम्भे पर अंकित है।
- मुख्य मन्दिर के खम्भे पर विक्रम सं. 1432 का अस्पष्ट आलेख है।
भोपां गाँव के गोगलिया भाटी देवी के पुजारी हैं। तेमड़ा राय का बड़ा मेला भाद्रपद शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी की रात्रि को व चतुर्दशी को दिन में भरता है। इसी प्रकार माघ महीने की त्रयोदशी व चतुर्दशी को भी बड़ा मेला भरता है। वैसे तो हर रोज ही दर्शनार्थियों का तांता लगा रहता है। नवरात्रों में भी खूब दर्शनार्थी आते हैं।
4. तनोट राय माता मंदिर — भारत-पाक युद्ध का चमत्कार
राव तणु ने आवड़ देवी की आज्ञा व आशीर्वाद से कोटनुमा मन्दिर व किला बनवाया तथा उसे अपनी सुरक्षा की ओट सदृश माना। इसीलिए वहाँ आवड़ देवी तणोट राय के रूप में पूजी जाती है। आवड़ देवी के हाथों से ही इस मन्दिर व कोट की प्रतिष्ठा हुई। तणोट जैसलमेर से 114 किलोमीटर दूर सीमा पर स्थित स्थान है जहाँ पक्की सड़क से जुड़ा हुआ है।
पहले मन्दिर की पूजा जैसलमेर राज्य की तरफ से होता था। शाक द्विपीय (सेवग) ब्राह्मण बारी-बारी से सेवा करते थे। अब सीमा सुरक्षा बल का पुजारी पूजा-अर्चना करता है। अब सेना के जवानों की आराध्या देवी के रूप में आवड़े देवा को बहुत मान्यता हो गई है।
🪖 युद्ध चमत्कार: भारत-पाक युद्ध के बाद भारतीय सेना द्वारा मन्दिर का जीर्णोद्धार करवा दिया गया है। युद्ध सम्बन्धी बहुत से चमत्कारों का वृत्तान्त भी लोक-प्रचलित हो गए हैं। उस युद्ध में पकडे गए पाकिस्तानी ब्रिगेडियर हुर्सन राह ने देवी के चमत्कार की बात स्वीकार की थी।
👉 हिंगळाज माता मंदिर पाकिस्तान का इतिहास पढ़ें — आवड़ माता का मूल स्वरूप।
5. स्वांगिया माता मंदिर, जैसलमेर
राव तणु को सांग (शक्ति-तलवार) पर बिराजकर दर्शन देने के कारण आवड़ देवी सांगियां (सांहांधै, सहांगीयां) देवी के रूप में मान्य हुई। जैसलमेर से तीन किलोमीटर उत्तर पर्व की तरफ समतल पहाड़ की चोटी पर सांगियां जी का मन्दिर बना हुआ है। भाद्रपद, माघ व नवरात्रों में मेले लगते हैं। सेवग ही पूजा-अर्चना करते हैं। मन्दिर के मुख्य द्वार पर महारावल रणजीत सिंह द्वारा करवाए गए निर्माण कार्य का शिलालेख भी लगा हुआ है।
राव तणु के पुत्र विजयराज ने आवड़ देवी की आज्ञा से बींजणोट नामक नगर वसाकर एक बहुत बड़ा किला बनाया, जहाँ आवड़ देवी का बहुत बड़ा मन्दिर बनाकर मूर्ति स्थापित की तथा नाम बींजासण माता रखा। आवड़ देवी आदि सातों बहिनें ही बींजासण माता कहलाती हैं। उस मन्दिर में सातों बहिनों की अलग-अलग प्रतिमाएँ स्थापित की थीं, जिनमें से अब केवल चार शेष हैं।
विजय राज को आवड़ देवी द्वारा सोने की चूड़ देने की भी लोक-मान्यता है। चूड़ के ही कारण विजयराज चूड़ाळा (चूड़ वाला) विजयराज के नाम से प्रसिद्ध हुआ। सुगन चिड़ी (सोनचिड़ी) या रूपा रेल को भी आवड़ देवी का ही स्वरूप समझा जाता है। इसी कारण जैसलमेर राज्य के राजचिह्न में सांग (शक्ति) लिए हुए और चूड़ पहने आवड़ देवी के दाहिने हाथ पर शकुन चिड़ी का स्थान रहा है।
6. भादरिया राय मंदिर — लाठी भादरिया, जैसलमेर
आवड़ देवी अपने एक भक्त बहादुरा नामक भाटी (राव तणु के छोटे भाई) की सामान्य-जन की तरह से की गई सेवा से प्रसन्न होकर वहाँ पर उसी के नाम से अपनी पहचान कायम कर भादरिया (बहादुरिया) राय के नाम से प्रसिद्ध हुई।
जहाँ पर जैसलमेर के महाराजा को भी वर्ष में दो बार अनिवार्य रूप से दर्शनार्थ जाने की परम्परा थी यहीं पर राव तणु ने सर्वप्रथम देवी के दर्शन किए थे। यह स्थान बोर टीबे के रूप में प्रसिद्ध है। आज भी चौबीस कोसी ओरण (सुरक्षित चारागाह) है जिसमें बोरड़ी के सघन पेड़ हैं। जाल की सूखी टहनी को रोपकर हरा-भरा जाल का वृक्ष बनाकर उस स्मृति को चिरस्थायी बनाया गया था।
वह जाल का वृक्ष आज भी मन्दिर के पीछे बड़े वृक्ष के रूप में मौजूद है। यहाँ पर आवड़ देवी बोरड़ी के वृक्ष पर हिंडोला (झूला) डालकर झूली थीं। वह वृक्ष आज भी हींडेवाली बोरड़ी के रूप में विद्यमान है।
महारावल देवराज द्वारा बनाए पुराने मन्दिर का नया निर्माण महारावल गज सिंह ने करवाया था जिसका वि. संवत् 1888 का एक शिलालेख भी है। इस मन्दिर का जीर्णोद्धार महारावल जुंहार सिंह ने फिर करवाया जिसका शिलालेख अंकित है। मन्दिर में काले पत्थर पर आवड़ देवी की सभी बहिन-भाइयों सहित आकृतियाँ अंकित हैं।
🙏 भादरिया राय मंदिर में देवी का स्वरूप
आवड़ देवी मध्य में कमलासन पर पदमासन लगाए हुए विराजमान हैं। मूर्ति चार भुजाओं वाली है। हाथों में चूड़ धारण किए हुए है। प्रथम दाहिने हाथ में त्रिशूल, द्वितीय दाहिने हाथ में माला, बाएँ हाथ में खड्ग (तलवार), द्वितीय बाएँ हाथ में कमल का फूल है। गले में मुक्ताहार है।
छहों बहिनों के हाथों में चूड़ है। एक हाथ में महिष का सिर छेदन करता हुआ त्रिशूल है। सभी बहिनों का दूसरा हाथ एक दूसरी बहिन के कन्धे पर दिया हुआ है। छहों बहिनों के गले में मुक्ताहार है। इन देवियों का भाई महिरक्खा (महिरक्ष) बायीं तरफ छोर पर खड़ा है। इनके दाहिने हाथ में चंवर है जो आवड़ देवी पर डला रहे हैं। बाएँ हाथ में गदा है। आठों ही मूर्तियों पर छत्र हैं। मन्दिर के पुजारी भी शाक द्विपीय ब्राह्मण हैं।
पहले पूजा जैसलमेर राज्य की देखरेख में होती थी। अब जगदम्बा सेवा समिति भादरिया की देखरेख में होती है। अखण्ड ज्योति प्रज्वलित रहती है। पूजा के पात्र, चंवर छड़ी, त्रिशूल आदि चाँदी के हैं। सोने के रलनजड़ित छत्र हैं।
भादरिया राय का मन्दिर जोधपुर जैसलमेर रेल-मार्ग पर लाठी भादरिया रेलवे स्टेशन से पाँच किलोमीटर दूर स्थित है। जोधपुर जैसलमेर सड़क-मार्ग पर धोळिया नामक गाँव से छः किलोमीटर दूर स्थित है। मन्दिर पक्की सड़क से जुड़ा हुआ है।
📚 विशेष: इस मन्दिर में एशिया का प्रसिद्ध गायों का सबसे बड़ा संग्रहालय है जिसमें धार्मिक सत्साहित्य का संग्रह चल रहा है। पचास लाख रुपये की लागत से अलग ग्रन्थागार बनाया गया है।
इस स्थान को आधुनिक सन्दर्भों में प्रासंगिक बनाने का श्रेय यहीं पर बिराजमान निर्मल सम्प्रदाय से दीक्षित महात्मा श्री हरवंश सिंह जी निर्मल को है जो इस स्थल को मरुस्थलीय काशी का रूप देना चाहते हैं। इसी हेतु इन्होंने बन्धुत्व एवं जन-कल्याण प्रतिष्ठान श्री भादरिया राय नामक संस्था का गठन किया है।
7. घंटियाल राय माता मंदिर
घण्टिये नामक हूंण राक्षस को मारने के कारण आवड़ देवी घण्टियाल राय के रूप में भी पूजी जाती हैं। तणोट से सात किलोमीटर दूर जैसलमेर सड़क पर इस देवी का मन्दिर है। भारतीय सेना के जवानों की आराध्य स्थली के रूप में यह स्थान भी प्रसिद्ध है।
1965 के भारत-पाक युद्ध में शत्रु-सेना के कई सैनिक इसी मन्दिर के पास भटककर समाप्त हो गए थे। इस घटना के बाद यह स्थान सैनिकों की श्रद्धा का केन्द्र बन गया। रामगढ़ के सोलंकी राजपूत इस स्थान की पूजा-अर्चना programmatic करते हैं।
जैसलमेर से सत्ताईस किलोमीटर उत्तर-पूर्व में आवड़ देवी काले डूंगर की राय के रूप में पूजी जाती है। सिन्ध से प्रस्थान कर आवड़ देवी ने आईतां नामक स्थान पर डेरा दिया था। आई आयाहता एथ का संक्षिप्त रूप ही आइतां है। यहीं से आवड़ देवी ने काले डूंगर पर निवास किया तथा डूंगरेचियां नाम से प्रसिद्धी पाई। जैसलमेर क्षेत्र के जन-सामान्य की आराधना स्थली यही स्थान रहा है।
इसी स्थान पर लौद्रवा का परमार शासक जसभांण दर्शनार्थ आया था। इसी कारण परमार क्षत्रियों का विशेष पूज्य स्थल यही मन्दिर है। इस प्राचीन मन्दिर का नव-निर्माण भी महारावल जुंहारसिंह ने करवाया था, जिसका शिलालेख भी लगा हुआ है। यह काले रंग के पहाड़ पर बना मन्दिर है। वर्ष में दो बार बड़े मेले लगते हैं।
जैसलमेर मोहनगढ़ सड़क पर काणोद नामक गाव से पश्चिम में पाँच किलोमीटर दूर यह स्थान भी पक्की सड़क से जुड़ा हुआ है। नीचे धर्मशाला व कुण्ड आदि बने हुए हैं। मन्दिर तक जाने के लिए पक्की सीढ़ियाँ हैं।
8. देगराय माता मंदिर, जैसलमेर
आवड़ देवी का अन्य नाम देगराय भी है। जैसलमेर से पूर्व में पचास किलोमीटर दूर देवी कोट सेतरावा सड़क पर देगराय का बड़ा भव्य मन्दिर है। यह मन्दिर देग के आकार के पानी के विशाल झीलनुमा तालाब की पाल पर बना हुआ है। यहाँ पर आवड़ देवी कुछ समय तक बिराजी थीं। इसीलिए देगराय नाम से प्रसिद्ध हुईं। बारह कोसी ओरण है।
दुष्ट साबड़ बूंगा को नष्ट करने व तड़ांगिये नामक खूंखार भैंसे को मारने की कथाएँ तथा एक ग्वाले भाखलिये को बचाने की कथाएँ इस स्थान से जुड़ी हुई हैं।
पूराने मन्दिर का नव-निर्माण 1798 में महारावल अखेसिंह द्वारा करवाया गया। मन्दिर का प्रवेश-द्वार व अन्य कई भवन माहेश्वरी महाजनों के बनाए हुए जिसका शिलालेख तोरण द्वार के भीतरी हिस्से में लगा हुआ है। इस मन्दिर में आवड़ देवी की सातों बहिनों की मूर्तियाँ स्थापित हैं। सातों ही बहिनें त्रिसूल से भैंसे का सिर बेध रही हैं। बाहर झूले में स्थापित मूर्ति में सातों बहिनों के अलावा भाई महिरक्ष भी दर्शित हैं।
इस मन्दिर के पुजारी पड़िहार शाखा के राजपूत हैं। महारावल मूलराज के निर्माण कार्यों का भी शिलालेख लगा हुआ है। जसोड़ भाटियों में इस मन्दिर की विशेष मान्यता है। मन्दिर से दो किलोमीटर दूर, जहाँ देवी ने साबड़ बूंगा को नष्ट किया था साबड़ामढ राय का मन्दिर बना हुआ है। वहाँ देवी इसी नाम से जानी जाती हैं।
9. लटियाल माता मंदिर, फलौदी
फलौदी में लटियाळ देवी के रूप में भी आवड़ देवी की ही पूजा होती है। संवत् 1515 वि. में आसन कोट से परावर्तन करने के लिए देवी ने बैलगाड़ी में मूर्ति रखवाकर आदेश दिया कि जहाँ बैलगाड़ी रुके उसी स्थान पर मूर्ति स्थापित की जाए तो बैलगाड़ी फलौदी स्थान पर खेजड़ी के पेड़ के पास रुकी। खेजड़ी के दो भाग हो गए जो आज भी उसी रूप में मौजूद है। एक डाली टूटकर अलग गिरी वह अलग खेजड़ी के रूप में मौजूद है। पास ही लटियाळ देवी का कुआँ है। मन्दिर विशाल और भव्य है। आसपास में बड़ी मान्यता है।
10. आवड़ माता के अन्य नाम व रूप — सम्पूर्ण सूची
उसी क्षेत्र में आवड़ देवी के अनेक नाम प्रचलित हैं। उनकी भी अपनी-अपनी अन्तर्कथाएँ हैं। उत्तरी भारत में हर बच्चे के गले में भी आवड़ देवी की सात बहिनों की आकृति वाला सोने-चाँदी का फुलड़ा पहनने की परम्परा भी चली आ रही है।
📌 प्रमुख नाम व स्वरूप
- माढ़राय / माढ़राणी: जैसलमेर भूभाग के पुराने नाम माढ (माड़) के सम्बोधन से।
- कतियांणी: अकाल वर्ष में चरखें द्वारा सूत-ऊन कातने की अलौकिक दक्षता के कारण।
- नभेची / नभ रै पहाड़ां री राय: आकाश से सम्बद्ध स्वरूप।
- भूरे डूंगर री राय, गिरवर राय, आई: पर्वतीय स्वरूप।
- आई नाथ (Aai Nath): कानों में कुण्डल धारण करने के कारण।
- नागणेची: सातों बहिनें नागण का रूप धारण करने के कारण। राठौड़ों में आवड़ देवी इसी रूप में पूजी जाती हैं।
- साहांणी (सिंहणी): सिंहणी का रूप धारण करने के कारण।
- ऐहियांणी: अपने भाई महिरक्ष को पीवणे साप से बचाने के कारण ऐहप गाँव में।
- साहुवांणी: अपनी कुल शाखा के नाम से।
- भोजासरी: भोजासर प्रवास की स्मृति स्वरूप।
- डूंगरेचियां राय: काले डूंगर पर निवास के कारण।
- आशापूरा राय: सम्मा सट्टा व सम्माणा सामेचा क्षत्रियों में।
देशनोक के प्रसिद्ध शक्तिपीठ में भी तेमड़ा राय का प्रसिद्ध मन्दिर है। इस मन्दिर में करणी जी द्वारा पूजा की जाने वाली आवड़ देवी की सातों बहिनों की सात आकृतियों वाली मूर्ति व काठ की मंजूषा भी है। देशनोक के करणी मन्दिर में भी आवड़ देवी का संगमरमर का अलग मन्दिर बना हुआ है।
कोलायत के पास मोखां नामक गाँव के पास भी तेमड़ा राय का प्रसिद्ध मन्दिर है। रतनगढ़ (चूरू) के पास पाबूसर गाँव में प्रसिद्ध कवि सूजा बीठू द्वारा निर्मित आवड़ देवी का मन्दिर मौजूद है, जो डूंगरेचा के मन्दिर के रूप में जाना जाता है। करणी जी के जन्म-स्थान सुवाप नामक गाँव में भी करणी जी के हाथ का बनाया हुआ आवड़ देवी का गोलमढ है। उसमें भी आवड़ जी की सात आकृतियों वाली मूर्ति है।
बीबीराणी खैरथल (अलवर) में भी आवड़ देवी का प्रसिद्ध मन्दिर है जिसे हिन्दू एवं मेव (मुसलमान) समान रूप से मानते हैं। जैसलमेर के एक चारण देवियों के मन्दिर में भी पत्थर पर सात देवियों की आकृतियों के नीचे डूंगरेचा शब्द अंकित है। इसी प्रकार सात देवियों की अन्य आकृतियों के पत्थर पर श्रीसांहाधै शब्द भी अंकित है।
तेमड़ा राय के मन्दिर में भी एक शिलालेख में श्री सांगियां जी शब्द अंकित है। इसी प्रकार चारण देवियों के मन्दिर के एक अन्य प्रस्तर फलक पर सात देवियों की आकृतियों के नीचे 'नागणेचा' शब्द अंकित है। हाकड़ा दरियाव सोखने व लक्खी बनजारे से महरांण का मुहाना पटवाकर आसामाई कोह (पहाड़) पर आसापूरा का मन्दिर विद्यमान है। पूरे क्षेत्र को वीरानी में बदलने की कथाएँ भी आवड़ देवी से जुड़ी हुई हैं। काबुल में भी आसामाई पहाड़ी पर आशापुरा माता का मंदिर विद्यमान है।
11. अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न — आवड़ माता (FAQs)
❓ आवड़ माता कौन हैं और इनका जन्म कहाँ हुआ?
आवड़ माता चारण समाज की कुलदेवी हैं जिनका जन्म संवत् 888 में चाळकनूं ग्राम (बाड़मेर, राजस्थान) में हुआ था। ये हिंगळाज माता के पूर्ण अवतार मानी जाती हैं और जैसलमेर राजघराने की कुलदेवी हैं।
❓ तेमड़ा राय माता मंदिर कहाँ स्थित है?
तेमड़ा राय माता मंदिर जैसलमेर से 21 किलोमीटर दक्षिण में गिरळाओं नामक पहाड़ पर स्थित है। यह दूसरा हिंगळाज शक्तिपीठ भी कहलाता है। जैसलमेर से पक्की सड़क बनी हुई है।
❓ तनोट राय माता मंदिर का इतिहास क्या है?
तनोट राय माता मंदिर जैसलमेर से 114 किलोमीटर दूर भारत-पाक सीमा पर स्थित है। 1965 और 1971 के युद्ध में इस मंदिर के चमत्कारों की बहुत मान्यता है। पाकिस्तानी बम मंदिर पर नहीं गिरे, जिससे भारतीय सेना अब यहाँ पूजा-अर्चना करती है।
❓ भादरिया राय मंदिर कहाँ है और इसका महत्व क्या है?
भादरिया राय मंदिर जोधपुर-जैसलमेर रेल मार्ग पर लाठी भादरिया रेलवे स्टेशन से 5 किलोमीटर दूर है। यहाँ आवड़ देवी बहादुरा भाटी के नाम से भादरिया राय के रूप में पूजी जाती हैं। यहाँ एशिया का सबसे बड़ा गायों का संग्रहालय भी है।
❓ आवड़ माता के कितने नाम और रूप हैं?
आवड़ माता के अनेक नाम प्रचलित हैं: तेमड़ा राय, तनोट राय, भादरिया राय, घंटियाल राय, देगराय, लटियाल, स्वांगिया, माढ़राय, नागणेची, साहांणी, आई नाथ, डूंगरेचियां राय, आशापूरा राय आदि।
❓ आवड़ माता की पूजा कौन-कौन करते हैं?
आवड़ माता की पूजा चारण, भाटी क्षत्रिय, राजपूत, परमार, सोलंकी, राठौड़, पड़िहार और अनेक समाजों द्वारा की जाती है। हिन्दू-मुसलमान समान रूप से इनकी पूजा करते हैं।
📖 यह भी पढ़ें (Related Posts)
🙏 इस पवित्र जानकारी को अपने परिवारजनों तक पहुँचाएं!
MyKuldevi Team
MyKuldevi.com की संस्थापक टीम। भारतीय वंशों, कुलदेवियों और सनातन परंपरा के गहन शोधकर्ता। प्राचीन ग्रंथों, शिलालेखों और जन-श्रुतियों से सत्यापित जानकारी प्रस्तुत करना हमारा संकल्प है।
हमारी टीम और उद्देश्य जानें →
7 टिप्पणियाँ
Nice bhai aur dala kr yrr
जवाब देंहटाएं52 sakiti pith avad ma ke batane aur shahi jankari dene par Dannyvad .
हटाएंवास्तव में आज भी चालकना बाडमेर राजस्थान माता जी का बड़ा भव्य मंदिर है जरुर दर्शन करें
जवाब देंहटाएंजय माँ तेम्बडाराय
जवाब देंहटाएंआवड़ माता का जन्म व प्रमुख चमत्कार शेयर करे
जवाब देंहटाएंजय कच की आशापुरा (आवड ) मा की जय
जवाब देंहटाएंJai aavad mataji
जवाब देंहटाएं